Jan 31, 2013

मेरे बिना जग में हर आदमी बेकार है...


मैं जाति की जाति हूँ
जाती नहीं हूँ जाति हूँ
मैं सत्य सती हूँ
आदमी की अति हूँ

जो जाति के बाहर हैं
मैं उनकी भी जाति हूँ
सोते में भी जाति हूँ
रोते में भी जाति हूँ
इतनी बढ़ी जाति हूँ
कि पूरी प्रजाति हूँ
आती हूँ तो जाति हूँ
जाती हूँ तो जाति हूँ

खान पान सांस शरण
आन बान जन्म मरण
हार-जीत मार-पीट  
झूठ-गबन प्रेम-प्रीत
पाठ से पहाड़ तक
चीख से दहाड़ तक    
हर कदम साथ साथ
कहाँ नहीं जाती हूँ !

कहीं पर किराए में
कहीं कुर्सी पाए में
कहीं पर तिराहे में   
ब्याह-शादी-साये में
कफन से दफन तक
मेरी ही पुकार है
जीवन का लक्ष्य-मोक्ष  
जाति की दरकार है

घर हो या घेर हो
बकरी या शेर हो  
खेत या खलिहान हो
दफ्तर या दुकान हो
महल या श्मशान हो
मेरी ही सरकार है
अमीरी बेकार है
गरीबी बेकार है
मेरे बिना जग में
हर आदमी बेकार है  

-अजय मलिक

Jan 29, 2013

जिसके अधर पर प्यास है - डॉ कुँअर बेचैन

(फेसबुक से डॉ कुँअर बेचैन का एक गीत  )
जिसके अधर पर प्यास है
उसके नयन में नीर है
यह व्यक्ति का इतिहास है, ये व्यक्ति की तक़दीर है।

हर रूपदर्शी आँख को
प्रतिपल पलक-बंधन मिला
चन्दन घिरा है सर्प से
हर सर्प को चन्दन मिला
हर दिल दुखी शाहेजहाँ
हर दर्द आलमगीर है
यह व्यक्ति का इतिहास है, यह व्यक्ति की तक़दीर है।

जो भी उजाला कर रहा
उसको मिला घर आग का
हर दीप के सर पर मुकुट
काले धुएँ के नाग का
हर राम पर वनवास है
हर जानकी पर पीर है
यह व्यक्ति का इतिहास है, यह व्यक्ति की तक़दीर है।

जो भी उड़ा पंछी उसे
फिर नीड़ में आना पड़ा
हर सांस जो हमको मिली
वापस उसे जाना पड़ा

जिस पर खुला आकाश है
उस पर कहीं ज़ंजीर है
यह व्यक्ति का इतिहास है, यह व्यक्ति की तक़दीर है।

-कुँअर बेचैन

[डा॰ कुँअर बेचैन के प्रेमगीत नामक गीत-संग्रह से] पृष्ठ 90-91

Jan 15, 2013

माइक्रोसोफ्ट ऑफिस 2010 के लिए वर्तनी शोधक सहित हिन्दी भाषा पैक

पिछले दिनों हमने एम एस ऑफिस 2013 के हिंदी वर्तनी शोधक की चर्चा की थी। जब खोजना शुरू किया तो माइक्रोसोफ्ट ऑफिस 2010 के 32 बिट तथा 64 बिट संस्करणों के लिए भी खजाना मिल गया। क्रमश: 291 एम बी तथा 295 एम बी के हिंदी भाषा पैक नीचे दिए लिंक पर मिले।
ये पैक या पैच माइक्रोसोफ्ट के पृष्ठ से सीधे डाउन लोड नहीं किए जा सकते। इनमें हिंदी स्वत: वर्तनी शोधन की सुविधा भी अँग्रेज़ी जैसी ही है। आप स्वयं जाँच लें कि क्या ये लाजवाब नहीं हैं! इसी तरह की सुविधा ऑफिस 2007 के लिए भी है पर अभी उसे परखना बाकी है। 
 
-अजय मलिक     

Jan 13, 2013

पोंगल, लोहड़ी, संक्रांति एवं बिहू की शुभकामनाएँ ।








Jan 3, 2013

विंडोज़ 8 में लीला नेट संस्करण लॉगिन नहीं होता!

लीला हिन्दी प्रबोध, प्रवीण एवं प्राज्ञ का इंटरनेट संस्करण विंडोज़ 8 में लॉगिन नहीं हो पा रहा है। यह जानकारी तो बहुत पहले दी जा चुकी है कि इन्टरनेट एक्सप्लोरर के अतिरिक्त अन्य ब्राउज़र्स में लीला इन्टरनेट संस्करण काम नहीं करता। मैक बुक तथा एप्पल द्वारा विकसित ऑपरेटिंग सिस्टम्स में भी यह काम नहीं करता क्योंकि उनमें  इन्टरनेट एक्सप्लोरर की बजाय फायर्फ़ोक्स या सफारी ब्राउज़र्स हैं। आज कई लोगों ने विंडोज़ 8 में कई अलग-अलग कम्प्यूटर्स में लीला के इंटरनेट संस्करण को लॉगिन करने का प्रयास किया मगर सफलता नहीं मिल पाई। इसका एक कारण यह भी हो सकता है कि विंडोज़ 8 का न्यूनतम रिज़्योलूशन 1024 x 768 है जबकि लीला के लिए उत्तम रिज्योलूशन 800 x 600 है।

Jan 1, 2013

बड़ी देर हुई आते-आते, जाने वाला तो चला गया

 

जो बीत गया उससे सीखें
वह फिर दोहराया न जाए
फिर किसी बहन माँ बेटी का
यूँ खून बहाया न जाए
 
हो नए साल में नई चाल
जिसमें चालाकी न आए
बहते गंगाजल से निर्मल
मन में मैलापन न आए
 
जब बात नहीं कोई बात नहीं
गर बिगड़ी बनती बन जाए
निजहित भी तो कुछ परहित हो
परहित में निजहित न आए
अजय मलिक (c)
 

Dec 29, 2012

कैसे कहूँ इस मौत को कि ठीक है!

कैसे कहूँ
इस मौत को
कि ठीक है!

कैसे कहूँ
इस मौन को
कि ठीक है!

जब व्यवस्था ही
व्यवस्थित न रही
राजधानी में भी
बस्ती न रही
-एक बेटी तक
सुरक्षित न रही
आदमी के कुछ भी
बसकी न रही

तब मौत ने
इक सिरहाना दे दिया
तोड़ कर रौंदे गए
अगुआ हुए विश्वास को
एक भरोसा, एक बहाना दे दिया

दानवों की
दहशतों के दौर में
मगरमच्छी
आंसुओं के बौर में

कैसे कहूँ
इस मौत को
कि ठीक है!

कैसे कहूँ
इस मौन को
कि ठीक है...

-अजय मलिक (c)
 

Dec 25, 2012

विंडोज़ 8: श्रुतलेखन पास - मंत्र फेल

विंडोज़ 8 पर श्रुतलेखन राजभाषा आसानी से स्थापित हो जाता है किन्तु सीडैक द्वारा विंडोज़ 7 के लिए जारी पैच एसएलआर स्थापित नहीं होता। इसके बावजूद भी श्रुतलेखन विंडोज 8 में काम करता है। पिछले दिनों नई दिल्ली में प्राध्यापक मित्र  श्री विक्रम सिंह से श्रुतलेखन पर आधी-अधूरी सी चर्चा हुई थी। वापस लौटकर एक-दो दिन उलझने के बाद जो एक बात मेरी समझ में आई , वह यह है कि यदि विंडोज़ 7 या 8 में कीबोर्ड लेआउट आईएमई या माइक्रोसॉफ़्ट इंडिक लैड्ग्वेज इंडिक टूल्स का चयन करने के बाद डिक्टेशन शुरू किया जाए तो श्रुतलेखन से काफी हद तक सही परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। इसका मतलब है कि आपके कंप्यूटर में हिन्दी यूनिकोड सक्रिय हो और समुचित आईएमई वगैरा इंस्टाल होने के साथ-साथ श्रुतलेखन पर कार्य करते समय हिन्दी कीबोर्ड का चयन किया हुआ होना चाहिए। श्रुतलेखन इंस्टाल होने के बाद आपके डेस्क टॉप पर 4 आइकॉन दिखाई दे सकते हैं, इनमें से दो आइकॉन श्रुतलेखन के लोगो जैसे दिखाई देते हैं जबकि दो वाणीलेखन से संबन्धित हैं। आपको श्रुलेखन राजभाषा वाले आकोन को डबल क्लिक करके अथवा आवश्यकतानुसार दाया क्लिक-> रन एज़ एडमिनिस्ट्रेटर को क्लिक करके आगे बढ़ाना है।  श्रुतलेखन टूलबार आमतौर पर विंडोज़ एक्सपी में ही काम करता है। विंडोज़ के अन्य संस्करणों पर इसके काम करने  की संभावनाएं बहुत कम हैं। यदि विंडोज़ एक्सपी में हिन्दी कीबोर्ड का चयन नहीं किया जाएगा तो टूल बार के परिणाम खाली डिब्बे भर होंगे।
 
श्रुतलेखन पर काम करते समय माइक्रोफोन सैटिंग्स  को लगातार चैक करते रहें। वैसे तो माइक एवं माइक्रोफोन बूस्ट को अधिकतम पर रखने की सिफ़ारिश की जाती है लेकिन कुछ लैपटॉप्स में रिकोर्डिंग डिवाइस -> माइक प्रॉपर्टीज़ -> लेवल्स -> माइक एवं माइक्रोफोन बूस्ट को अधिकतम पर रखने पर समस्या भी आ सकती है। मेरा विचार यह है कि माइक्रोफोन बूस्ट को 20 dB से अधिक न रखा जाए, कुछ लेपटॉप्स में यह अधिकतम 30 डीबी या उससे अधिक हो सकता है।
 
विंडोज़ 8 में मंत्र राजभाषा एसक्यूएल सर्वर पर आकर इंस्टाल होना बंद हो जाता है। मुझे लगता है कि विंडोज़ 8 के लिए उपयुक्त एसक्यूएल सर्वर के साथ ही इसे स्थापित कर पाना संभव हो सकता है।
-अजय मलिक

बड़े दिन पर बहुत बड़ी-बड़ी शुभकामनाएँ


Dec 23, 2012

सही है तो बहुत है ... कुछ मुक्तक ...

(1)

सही है

तो बहुत है

बस एक सही

चाहे फिर

और एक

न सही 


(2) 

एक 

कलम से 

कौम 

कलम हो गई 

एक 

कलम से 

कौम 

कलमी हो गई 

एक 

कलम से 

सारे कमल 

खिल उठे 

एक

कलम से 

दुनिया 

कमली हो गई 


(3)

थक गईं
सरकार
और सोती रहीं
रात-दिन
सड़कें
कफ़न ढोती रहीं 
(4) 

नहीं,
वह अबला नहीं थी
जो
बस कायरों के
काफ़िले में
घिर गई।  

-अजय मलिक (c)


Dec 22, 2012

10 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में हिन्दी विभाग ही नहीं: डा. रामप्रकाश

देश की राजभाषा हिंदी को पूरा मान-सम्मान तभी मिलेगा, जब यह भाषा देश के उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई जाएगी। इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक विश्वविद्यालय में हिंदी विभाग का गठन हो, लेकिन विडम्बना यह है कि देश को आजाद हुए 60 साल से भी अधिक हो चुके हैं, लेकिन आज तक देशभर में स्थित आधे से अधिक विश्वविद्यालयों में हिंदी विभाग का गठन भी नहीं हुआ। आज समय की मांग है कि प्रत्येक विश्वविद्यालय में हिंदी विभाग का गठन हो। यह मांग देश की सबसे बड़ी पंचायत में राज्यसभा सांसद डॉ. रामप्रकाश ने उठाई। - दैनिक ट्रिब्यून

पूरी खबर पढ़ने के लिए कृपया नीचे दिए लिंक पर करें-

Dec 18, 2012

विन्डोज़ 8 के ज़लवे : सब हिंदी-हिंदी हो जाए







Dec 8, 2012

"जल रहा है देश सारा और हम खामोश हैं" - डॉ कुँवर बेचैन

(फेसबुक से ली गई डॉ कुँवर बेचैन की एक गजल के अंश )
जल रहा है देश सारा और हम खामोश हैं
ज़र्रा-ज़रा है अंगारा और हम खामोश हैं

चाकुओं की नोक पर हैं अब हमारी गरदने
गरदनों पर है दुधारा और हम खामोश हैं

-कुंवर बेचैन

Dec 7, 2012

इफ़्फ़ी में भारतीय पेनोरमा के उद्घाटन के अवसर पर ओमपुरी (ब्लैकबेरी आडिओ)


सेल्यूलाइड मैन  के प्रदर्शन से पूर्व ओमपुरी ने क्या कहा ?
यह जानने के लिए नीचे लिंक को क्लिक करें 

इफ़्फ़ी में क्रिस्टोफ ज़ानुसी ने क्या कहा ... (ब्लैकबेरी आडिओ )

गोवा में अपनी प्रेस वार्ता के दौरान क्रिस्टोफ जानुसी को सुनने के लिए कृपया नीचे दिए लिंक को क्लिक करें 

Dec 6, 2012

ऐसे दौड़ते हैं घोड़े फिल्मों में


Dec 5, 2012

हिन्दी प्रूफिंग टूल यानी वर्तनी शोधक


अब पाइए हिन्दी के लिए भी प्रूफिंग  टूल्स यानी वर्तनी शोधक । जी हाँ, विंडोज़ 8 एंटरप्राइज़ में माइक्रोसॉफ्ट  ऑफिस 2013 के साथ माइक्रोसॉफ्ट इंडिक लैड्ग्वेज इनपुट टूल स्थापित यानी इंस्टाल करने के बाद जब आप वर्ड खोलेंगे तो आपको यह टूल डाउनलोड करने का सुझाव मिलेगा । हिन्दी प्रूफिंग टूल्स का साइज़ मात्र 1.28 एमबी है। मैंने  अभी बहुत ज्यादा खोज-ख़बर तो इसकी नहीं ली है मगर शब्दों को गलत टाइप करने पर यह बिलकुल अँग्रेजी की अशुद्धियों यानी वर्तनी की त्रुटियों की तरह ही अशुद्ध हिंदी शब्द के नीचे लाल निशान दिखाता है और दायां (राइट) क्लिक करने पर सही विकल्प भी सुझाता है।
-अजय मलिक