Nov 22, 2013

तेरे मारने से


अगर तुझे लगता है

कि तेरे मारने से

मैं मर जाऊंगा

तो तुझे पहले

उस भगवान को

मारना होगा

जिसे तू

मानता ही नहीं है

क्योंकि मेरी मौत

तेरे हाथों में

तभी आ सकती है

जब तू भगवान को

मारकर

उसकी जगह भी

हथिया ले  

और इसके लिए

तुझे भगवान को

न सिर्फ

मानना होगा

बल्कि जानना भी होगा

इतनी समझ

और सामर्थ्य

तुझमें नहीं है

मैं ये अच्छी तरह

जानता हूँ  
 
फिर तेरे मारने से
 
........................?

-अजय मलिक (c)

Nov 10, 2013

बंदूकों में बाक़ी है क्या एक भी गोली बाबू जी

(पेश है गुरुवर डॉ कुँवर बेचैन की एक गजल )

प्यासे होठों से जब कोई झील न बोली बाबू जी
हमने अपने ही आँसू से आँख भिगो ली बाबू जी

फिर कोई काला सपना था पलकों के दरवाजों पर
हमने यूं ही डर के मारे आँख न खोली बाबू जी

भूले से भी तीर चला मत देना ऐसे कंधों पर
जिन कंधों पर, हो अंधे माँ-बाप की डोली बाबू जी

यह मत पूछो इस दुनिया ने कौन से अब त्योहार दिये
दी हमको अंधी दीवाली, खून की होली बाबू जी

दिन निकले ही मेहनत के घर हाथ जो हमने भेजे थे
वो ही खाली लेकर लौटे शाम को झोली बाबू जी

हम पर कितने ज़ुल्म हुए हैं कौन बताए दुनिया को
बंदूकों में बाक़ी है क्या एक भी गोली बाबू जी

वो भी अपनी आँखों में नाखून ही लेकर बैठे थे
दिखने में जिनकी सूरत थी बहुत ही भोली बाबू जी

ये कह-कहकर कल हमको सारी खुशियाँ मिल जाएंगीं
करते रहते हो क्यों हमसे रोज़ ठिठोली बाबू जी

उसमें कुछ टूटे सपने थे, कुछ आहें ,कुछ आँसू थे
जब-जब भी हमने ये अपनी जेब टटोली बाबू जी

अबकी बार तो राखी पर भी दे न सकी कुछ भैया को
अब उसके सूने माथे पर सिर्फ है रोली बाबू जी

-कुँअर बेचैन-

(कुँअर बेचैन के 'आंधियो धीरे चलो' नामक संग्रह से)"


फेस बुक से साभार

Nov 2, 2013

सभी को दिवाली की शुभकामनाएँ

 

Oct 30, 2013

भारत के 44वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव 2013 :: गोवा :: भारतीय पेनोरमा खंड

 
भारत के 44वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव, 2013 के भारतीय पेनोरमा खंड के लिए 26 कथा फिल्में तथा 16 गैर फीचर फिल्मों का चयन किया गया है। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता और संपादक श्री बी लेनिन के नेतृत्व में 210 योग्य प्रविष्टियों में से नौ सदस्यीय जूरी ने 21 दिन में अंतिम 25 फिल्मों का चयन किया। निर्देशक श्री तिगमांशु धूलिया की हिंदी कथा फिल्म “पान सिंह तोमर” का चुनाव 60वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्काररों में सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार जीतने के कारण सीधे किया गया। इसे मिलाकर कुल 26 कथाफ़िल्मों का प्रदर्शन 20 से 30 नवंबर, 2013 तक गोवा में सम्पन्न होने वाले अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव में किया जाएगा। कथा फिल्मों में मलयालम की सर्वाधिक 6, हिन्दी और बांग्ला की 5-5, मराठी की 3, तमिल, कोंकणी, कन्नड, ओड़िया, मीसिंग की की 1-1 तथा 2 द्विभाषी फिल्में क्रमश: अँग्रेजी/ हिन्दी एवं अँग्रेजी/ कोंकणी की हैं। हिन्दी कथाफ़िल्मों में पानसिंह तोमर के अलावा, ओह माई गॉड, भाग मिल्खा भाग, लिस्टेन अमाया, और जल हैं।  
श्री राजा सेन की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय जूरी ने 130 गैर कथा फिल्मों में से 15 फिल्मों को चुना तथा 60 वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ गैर कथा फिल्म का पुरस्कार जीतने वाली राजा शब्बीर खान निर्देशित “शैपार्ड्स ऑफ पैराडाइज़” को 16वीं फिल्म के रूप में सीधे प्रवेश मिला। इस वर्ग में चयनित फिल्मों में सर्वाधिक 5 फिल्में हिन्दी की हैं। शेष में मलयालम और अँग्रेजी की 3-3, मराठी और कश्मीरी भाषा की 2-2 और कुदुख की 1 फिल्म हैं।
-अजय मलिक

Oct 25, 2013

विंडोज़ 8 के लिए आईएमई / इंडिक इनपुट 3

अभी तक विंडोज़ 8 में हिन्दी या अन्य भारतीय भाषाओं में काम करने के लिए अलग से केवल माइक्रोसॉफ़्ट इंडिक लैड्ग्वेज इनपुट टूल का प्रयोग किया जा रहा था। पुराने विंडोज़ के लिए भाषाइंडिया पर उपलब्ध आईएमई/ इंडिक इनपुट 1 या 2 की तरह कोई अन्य उपकरण उपलब्ध नहीं था। अब भाषाइंडिया डॉट कॉम पर विंडोज़ 8 के लिए आईएमई / इंडिक इनपुट 3 उपलब्ध करा दिया गया है। विंडोज़ विस्ता तथा विंडोज़ 7 के 32 बिट व 64 बिट संस्करणों के लिए अलग-अलग उपलब्ध आईएमई की तरह विंडोज़ 8 के लिए आईएमई/इंडिक इनपुट 3 के भी दो संस्करण हैं जो क्रमश: विंडोज़ 8, 32 बिट व विंडोज़ 8, 64 बिट के लिए हैं। इंडिक इनपुट  3 या आईएमई 3 में हिंदी ट्रांस्लिटिरेशन तथा हिंदी  रेमिंग्टन केवल 2 ही कुंजीपटल/ की-बोर्ड हैं। 


Sep 30, 2013

इनसे शिकायत करूँ भी तो कैसे ?


इनसे शिकायत

करूँ भी तो कैसे

ये मेरे नहीं हैं

न हैं मेरे जैसे

इनसे शिकायत

करूँ भी तो कैसे

- अजय मलिक

देखो वो दुनिया बदलने चले हैं


बहुत इतराते हैं

अपनी चतुराई पर

बहुत खुश होते हैं

हर इक बुराई पर

वो बदचलनी से  

दुनिया बदलने चले हैं

देखो वो दुनिया

बदलने चले हैं

-अजय मलिक

आओ जमकर झूठ बोलें


आओ

जमकर

झूठ बोलें

और जब तक

वह सच न लगे

तब तक

बोलते रहें

जब ये शरीर

नश्वर ही है

तो फिर

मरने तक

जितना हो सके

आओ

जमकर झूठ बोलें

-अजय मलिक


 

यहाँ हर सुबह रात आई है...


यहाँ हर सुबह

रात आई है

कालिख भरे

उजाले ने

अँधेरे की

इज्जत बचाई है

न हाथों में

राखी बंधवाई है

न माथे पर

बिंदी लगवाई है 

फिर भी

बस नाम के

उजाले ने

अपने भाई की

खातिर

आठों पहर

अंधेरे की

सलामती की

कसम खाई है

खुद पर

खुद ही कितनी 

कालिख लगाई है 

- अजय मलिक (c)

Sep 18, 2013

उनकी कोई जाति नहीं है

दरिंदगी का शिकार
कौन है?
जो भी दलित है

दलित कौन है?
जो भी है
दरिंदगी का शिकार

शिकार और शिकारी कौन हैं ?
जो भी हैं
आदमी हैं
उनकी कोई जाति नहीं है

जो जाति की बात करता है

दरिंदा है ।  

-अजय मलिक (c)

Sep 14, 2013

मैं हिंदी हूँ


आओ हिंदी दिवस मनाएँ

आओ हिंदी दिवस मनाएँ
आओ हिंदी को अपनाएं
हिंदी से दफ्तर चमकाएँ
आओ हिंदी दिवस मनाएँ

 
भेजें चिट्ठी या अनुमान
हिंदी में हों सारे काम
जग भर में हिंदी फैलाएँ
आओ हिंदी दिवस मनाएँ

 
आज्ञा, टिप्पण या आलेख
हिंदी में हों सब अभिलेख
हिंदी का परचम लहराएँ
आओ हिंदी दिवस मनाएँ


हिंदी में ईमेल करें  हम
सारे जग से मेल करें हम
हिंदी को अभिमान बनाएँ  
आओ हिंदी दिवस मनाएँ

 
हिंदी में पैगाम लिखेंगे
हिंदी में ही नाम लिखेंगे
आओ इसकी कसम उठाएँ
आओ हिंदी दिवस मनाएँ


 - अजय मलिक (c)
 

Sep 10, 2013

हिंदी दिवस पर माननीय गृह मंत्री जी का संदेश


Sep 9, 2013

हिन्दी सीखने के लिए एक और लिंक

कृपया इसे भी परखें-


सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएँ ... इस अवसर पर प्रस्तुत हैं गिरधर की कुंडलियाँ (भारत कोश के सौजन्य से)

दौलत पाइ न कीजिए सपने में अभिमान...

दौलत पाइ न कीजिए सपने में अभिमान
चंचल जल दिन चार को ठांव न रहत निदान
ठांव न रहत निदान जियत जग में जस लीजै
मीठ वचन सुनाय विनय सब ही की कीजै
कह गिरधर कविराय अरे यह सब घट तौलत
पाहुन निसि दिन चारि, रहत सबही के दौलत।

Sep 5, 2013

. . हिन्दी साहित्य- सीमांचल. . शिक्षक दिवस पर एक शिक्षक को शुभकामनाएँ

यूंही कुछ तलाश रहा था और यह अच्छी साइट मिल  गई । बहुत सामग्री है इस पर,  जरूर लाभान्वित हों ।

हिन्दी साहित्य- सीमांचल


अपने सभी गुरुजनों को प्रणाम के साथ लैपटॉप चार्जर पर कुछ

पिछले सप्ताह बड़ी ही अप्रिय स्थिति में एक 'कंप्यूटर पर हिन्दी और भारतीय भाषाएँ' विषय पर आयोजित एक कार्यशाला में इरोड जाना पड़ा। जाते समय एसी शयनयान में सामने की सीट पर विराजमान बंधु दारू के नशे में धुत ओर उल्टियाँ करने में मस्त ने खूब अस्त-व्यस्त-त्रस्त किया। रात को 50 रुपए वाले बिना चालू एसी के अतिथिगृह में मच्छरों के साथ चली लंबी लड़ाई के बाद आखिर सुबह हुई। कार्यक्रम 10 से 1 बजे तक था मगर आयोजकों के आग्रह पर 4 बजे तक बढ़ा दिया गया। यह जानकर अच्छा लगा कि लोग जानना चाहते हैं। शाम सवा पाँच बजे रेलगाड़ी पकड़नी थी तो अपने लैपटॉप के बैग को कंधे पर लादे गाड़ी में सवार हो गया। सोचा एसी डिब्बे के अनेक फ़ायदों (?) में से कुछ का आनंद मुझे भी उठाना चाहिए। लैपटॉप का चार्जर प्लग में लगा दिया। थोड़ी देर बाद चार्जर आहिस्ता से चरम निंद्रा में चला गया। लैपटॉप बंद कर दिया। रात लगभग सवा ग्यारह बजे चेन्नई सेंट्रल पर उतरा। बाहर निकला तो तेज़ बारिश शुरू हो गई। अच्छी तरह भीग-भाग कर घर पहुंचा।